रविवार, 5 सितंबर 2021

सृष्टि का रहस्य जानते थे भारतीय /+

 डॉ. ओमप्रकाश पांडेय (अंतरिक्षविज्ञानी हैं।)


सृष्टि विज्ञान के दो पहलू हैं। पहला पहलू है कि सृष्टि क्या है? आधुनिक विज्ञान यह मानता है कि आज से 13.7 अरब वर्ष पहले बिग बैंग यानी कि महाविस्फोट हुआ था। उसके बाद जब भौतिकी की रचना हुई, अर्थात्, पदार्थ में लंबाई, चौड़ाई और गोलाई आई, वहाँ से विज्ञान की शुरुआत हुई। उससे पहले क्या हुआ, इस पर विज्ञान मौन है। क्योंकि भौतिकी की यह सीमा है। क्वांटम सिद्धांत के आधार पर अवश्य आगे का जानने के कुछ प्रयास हुए, परंतु उसमें कुछ खास सफलता नहीं मिली। उससे जो कुछ निकाला गया, वह सारी बातें हमारे शास्त्रों में पहले से है। परंतु सृष्टि रहस्य को समझने से पहले हम यह जान लें कि यह ब्रह्मांड कैसा है, उसे हम किस तरह से देखते हैं और भारतीय विधा में उसे किस प्रकार से देखा गया। पहले इसका एक विवरण यहाँ प्रस्तुत है।

भगवद्गीता में दो प्रकार के जगत की बात कही गई है – क्षर और अक्षर जगत। क्षर जगत में यह संपूर्ण ब्रह्मांड आता है और इसकी विविधता में सन्निहित एकत्व को अक्षर ब्रह्म कहा गया है। अभी हम इसी क्षर जगत के विज्ञान यानी कि ब्रह्मांड का चित्र यहाँ रखूंगा। साथ ही इस ब्रह्मांड का जो चित्र आज के आधुनिकतम यंत्रों से देखा गया, वह भी प्रस्तुत किया जाएगा।

सबसे पहले मनुष्यों के मन में प्रश्न उठा कि हम कौन हैं, कहाँ से आए, हमें बनाने वाला कौन है और ये सारी चीजें कब तक रहेंगी। इस प्रश्न का उत्तर ढूंढने का उन्होंने प्रयास किया तो ज्ञान की दो विधाएं प्रारंभ हुई। एक को हम दर्शन कहते हैं और दूसरे को विज्ञान कहते हैं। जिस समय मिश्र में शरीर को सुरक्षित रखने के लिए पिरामिडों का निर्माण किया जा रहा था, उस समय भारत ज्ञान में रमा हुआ था और शरीर से ऊपर उठ कर अध्यात्म तथा आत्मा को जानने का प्रयास कर रहा था। उसने पिरामिड तो नहीं बनाया, परंतु आत्मा को जानने का प्रयास किया। कई बार यह प्रश्न लोग पूछते हैं और यह प्रश्न मुझसे भी विदेशों में कई विज्ञानियों ने पूछा कि आज तो इतने विकसित दूरबीन जैसे यंत्र हैं जिससे हम आज ब्रह्मांड को देख रहे हैं, प्राचीन काल में तो ये यंत्र नहीं थे, फिर उन्होंने ब्रह्मांड को कैसे देखा?

इसको समझने के लिए मैं एक उदाहरण देना चाहूँगा। आप जल की एक बूंद को लें उसे कन्याकुमारी के समुद्र तट पर ले जाकर पूछें कि तुम कहाँ हो तो वह उत्तर देगी वह कन्याकुमारी के तट पर है। परंतु जैसे ही उस बूंद को समुद्र में मिला देंगे, उसी क्षण वह समुद्र हो जाएगी, तो वह बूंद केवल हिंद महासागर नहीं होगी, वह उसी क्षण अटलांटिक महासागर, प्रशांत महासागर, पीला सागर, लाल सागर सभी कुछ हो जाएगी क्योंकि पृथिवी का तीन चौथाई हिस्सा जलमय है, तो फिर वह पूरे विश्व की खबर आपको देगी। ठीक इसी प्रकार हमारे ऋषियों ने समाधि अवस्था में जाकर अपनी व्यक्तिगत मेधा को ब्रह्मांडीय मेधा के साथ एकाकार कर दिया। इससे उन्हें ब्रह्मांड की सारी चीजें स्पष्ट हो गईं और उसे उन्होंने श्रुति परंपरा में डाल दिया। उसे ही बाद में लेखनीबद्ध किया। इसलिए इसे दर्शन कहा गया। इसे वह देखता है। कहा भी गया है ऋषयो मंत्रद्रष्टार:। ऋषि मंत्रों को देखते हैं। देख कर साक्षात्कार किया। इसलिए उन्होंने वेद-वेदांग, षड दर्शन, ब्राह्मण, आरण्यक आदि ग्रंथों की रचनाएं कीं। भारत के ज्ञान का प्रकाश पूरी दुनिया में फैला। यहाँ तक कि वह चीन की दिवाल को पार करके वहाँ तक भी पहुँचा।

हमारे यहाँ अंकविद्या की बात होती है। ज्योतिष का अर्थ केवल फलित ज्योतिष नहीं है। ज्योतिष का अर्थ है नक्षत्र विद्या। अंकगणित के बारे में हमें यह बताया गया कि शून्य की खोज आर्यभट ने की। परंतु यजुर्वेद के एक मंत्र 17/2 में एक से लेकर एक पर घात सत्ताइस शून्य तक का वर्णन है। साफ है कि शून्य का ज्ञान आर्यभट के पहले से ही यजुर्वेद के काल से हमारे यहाँ रहा है। यहीं से यह अंक विद्या अरब और वहाँ से यूरोप पहुँची। इसलिए इसे वहाँ अरबी न्यूमेरल्स कहा जाता है। दुर्भाग्य से अपने यहाँ भी इसे अरबी न्यूमेरल्स ही कहा जाता है।

जब इटली में पीसा की मीनार बनाई जा रही थी, भारत वेधशालाओं का निर्माण कर रहा था। उज्जैन, जयपुर में और दिल्ली में वेधशालाएं बनाई गई थीं। पश्चिम में वर्ष 1609 में गैलिलियो ने दूरबीन बनाया था। वहाँ से यह आगे बढ़ता गया। इन दूरबीनों से देखने के बाद विज्ञानियों को यह समझ आया कि पृथिवी पर स्थित दूरबीन से हम देखें तो हम अपनी आकाशगंगा का एक हिस्सा भर ही देख सकते हैं। इससे अधिक देखने के लिए आकाश में दूरबीनें स्थापित करनी होंगी। नासा ने धरती से 486 कि.मी. की ऊँचाई पर हब्बल टेलिस्कोप स्थापित किया। फिर एक टेलीस्कोप चंद्राएक्सरे 7000 कि.मी. की ऊँचाई पर और स्पिट्जर को धरती से 18 हजार कि.मी. की ऊँचाई पर स्थापित किया गया। इसके बाद और भी कई टेलिस्कोप अंतरिक्ष में स्थापित की गईँ ताकि हम ब्रह्मांड को देख सकें। अंतरिक्ष मे एक स्टेशन स्थापित किया गया है जो 7.66 कि.मी.प्रति सेकेंड की गति से चल रहा है। उस स्टेशन पर रहने वाले व्यक्ति के लिए चौबीस घंटे में सोलह दिन-रात होते हैं।

हमें बताया जाता है कि आर्यभट ने सबसे पहले कहा कि पृथिवी गोल है और हमें तो बचपन में यह पढ़ाया गया था कि कॉपरनिकस ने सबसे पहले कहा कि पृथिवी गोल है। उसके साथ ईसाइयों ने बड़ा ही अमानवीय व्यवहार किया, क्योंकि बाइबिल के जेनेसिस के अध्याय में लिखा है कि पृथिवी चपटी है। हमारे अंदर जब कुछ जागरुकता आई तो हम कॉपरनिकस से छोड़ा पीछे गए और कहा कि आर्यभट ने हमें बताया कि पृथिवी गोल है। परंतु ऋग्वेद 1/33/8 में कहा है चक्राणास: परिणहं पृथिव्या। यानी पृथिवी चक्र के जैसी गोल है। पृथिवी से जुड़ा जो भी विषय हम पढ़ते हैं, वह विषय है भूगोल। यह नाम ही बताता है कि पृथिवी गोल है।

फिर हमें वैदिक ऋषियों ने बताया कि माता भूमि: पुत्रोस्हं पृथिव्या:। यानी हम पृथिवी की संतानें हैं, वह हमारी माँ है। माता कैसे हैं? माँ के गर्भ में हम एक झिल्ली में होते हैं, ताकि माता के शरीर के अंदर के बैक्टीरिया को नुकसान नहीं पहुँचा पाता। माँ के गर्भ में ही इस झिल्ली से ही हमें सुरक्षित रखा गया है। तभी हम जन्म ले पाते हैं। ठीक इसी प्रकार पृथिवी भी एक झिल्ली में सुरक्षित है। इसे हम ओजोन परत कहते हैं। यह परत हमें सूर्य के हानिकारक विकिरणों से सुरक्षित रखती है। नासा ने इसका चित्र लिया है। उससे पता चलता है कि यह सुनहरे रंग का दिखता है। ऋग्वेद में इसका उल्लेख पाया जाता है। वहाँ कहा गया है कि वह परत हिरण्य के रंग का अर्थात् सुनहरा है। इतनी सूक्ष्मता से ऋग्वेद इसका वर्णन करता है।

आज हम जानते हैं कि पृथिवी पश्चिम से पूरब की ओर घूम रही है। इसलिए सूर्योदय हमेशा पूरब में होता है। इस बात को ऋग्वेद (7/992) का ऋषि कहता है कि बूढ़ी औरत की तरह झुकी हुई पृथिवी पूरब की ओर जा रही है। ऋग्वेद हमें यह भी बताता है कि पृथिवी अपने अक्ष पर झुकी हुई है। आज आधुनिक विज्ञान भी बताता है कि पृथिवी अपने अक्ष पर 23.44 डिग्री पर झुकी हुई है। इसके अलावा एक घूमते हुए लट्टू में जो एक लहर सी आती है, उसी प्रकार पृथिवी के घूर्णन में भी एक लहर आती है। इसके कारण पृथिवी की एक और गति बनती है। इस चक्र को पूरा करने में पृथिवी को छब्बीस हजार वर्ष लगते हैं। भास्कराचार्य ने इसे भचक्र सम्पात कहा है और इसकी कालावधि 25812 वर्ष निकाली थी। यह आज की गणना के लगभग बराबर ही है। इस गति के कारण पृथिवी का उत्तरी ध्रुव तेरह हजार वर्षों तक सूर्य के सामने और तेरह हजार वर्षों तक सूर्य के विपरीत में होता है। जब यह सूर्य के विपरीत में होता है तो बर्फ युग होता है और जब यह सूर्य के सामने होगा तो यहाँ ताप बढ़ा जाएगा जिससे बर्फ पिघलने लगेगी। इसके लिए आधुनिक विज्ञानियों ने पिछले 161 हजार वर्षों के उत्तरी ध्रुव में होने वाले तापमान में परिवर्तन की एक तालिका बनाई है। इससे भी यह बात साबित हो जाती है।

अब हम आज जानते हैं कि पृथिवी सूर्य की परिक्रमा करती है। इसके बारे में भी ऋग्वेद का एक मंत्र 10/149/1 हमें बताता है कि सविता यानी कि सूर्य एक यंत्र की भांति पृथिवी को अपने चारों ओर घुमा रहा है। पृथिवी की गति 29.78 कि.मी. प्रति सेकेंड की गति से घूम रही है। यह अपना परिक्रमा पथ 365 दिन छह घंटे बाईस मिनट में पूरा करती है। सूर्य पृथिवी को कैसे घुमा रहा है? यंत्र की भांति गुरुत्व के बल से। गुरुत्व की अगर बात की जाए तो सभी को यही पढ़ाया जाता है कि गुरुत्व का सिद्धांत आइजैक न्यूटन ने दिया। कहा जाता है कि उसने बगीचे में सेब को गिरते देख कर यह सिद्धांत दिया। अब आप वैशेषिक दर्शन का यह सूत्र देखें – अपां संयोगे अभावे गुरुत्वात् पतनम्। इसका साफ अर्थ है कि गुरुत्व के कारण गिर जाएगा। प्रश्न उठता है कि कणाद पहले हुए कि न्यूटन? कणाद तो काफी पहले हुए हैं। दूसरी बात यह है कि आज से सात वर्ष पहले लंदन के टाइम्स पत्रिका में एक खबर छपी थी कि न्यूटन के व्यक्तिगत पुस्तकालय में आर्यभटीय ग्रंथ मिला। इसमें आर्यभट की इस पुस्तक के उस पृष्ठ को चिह्नित किया हुआ था, जिसे संभवत: न्यूटन ने ही किया होगा, जिसमें आर्यभट के मुजफ्फरपुर में लीची को नीचे गिरते देखने और गुरुत्व के सिद्धांत की व्याख्या किए जाने की चर्चा है। इसका उल्लेख करके टाइम्स का संवाददाता लिखता है कि संभव है कि न्यूटन ने आर्यभट के इस उदाहरण की चोरी कर ली हो और लीची की जगह सेब देखने की बात कह दी।

पृथिवी का परिक्रमा पथ बारह भागों में बाँटा गया है। इसे ही हम बारह राशियां कहते हैं। इसे कहा जाता है कि यह सारी जानकारी हमने बेबिलोनिया तथा ग्रीस से ली। ऋग्वेद के 1/164/48वें मंत्र में कहा है बारह राशियों की चर्चा पाई जाती है। ऋग्वेद तो ग्रीस के इतिहास से काफी पुराना है। ऐसे में राशियों का सिद्धांत भारत का अपना सिद्धांत साबित होता है। इसे कहीं बाहर से नहीं लिया गया।

आज के विज्ञान ने पता लगाया है कि पृथिवी सूर्य के चारो ओर एक झूले की तरह घूम रही है। उसका परिक्रमा पथ स्थिर नहीं है। वह सूर्य की ओर दोलन करता है। इसका कालखंड एक लाख से लेकर चार लाख वर्षों का है। इस दोलन में पृथिवी कभी सूर्य के नजदीक चली जाती है और कभी सूर्य से एकदम दूर। इससे भी पृथिवी के वायुमंडल में बदलाव आता है।

हमने एक पैराणिक कथा सुनी होगी अगस्त्य द्वारा समुद्र को पी लेने की। यह कहानी भी वास्तव में अंतरिक्ष के अगस्त्य तारे से जुड़ी हुई है। अगस्त्य ऋषि द्वारा खोजे जाने के कारण इस तारे का नाम अगस्त्य तारा पड़ा। अंतरिक्ष के पिंडो के नाम ऐसे ही उनके खोजकर्ताओं के नाम पर या किसी महान हस्ती के नाम पर रखे जाते हैं। बुध नाम के ऋषि ने बुध ग्रह को खोजा। इसी प्रकार शुक्र ऋषि ने शुक्र का और वृहस्पति ऋषि ने वृहस्पति की खोज की थी। यह अगस्त्य तारा हमारे सूर्य से सौ गुणा बड़ा है। अगस्त्य तारा दक्षिण में उगता है। यह मई में अस्त हो जाता है। यह तब उदय होता है जब सूर्य दक्षिणायण होते हैं। तो एक तो सूर्य की सारी उष्मा दक्षिण की ओर जा रही है, दूसरी ओर अगस्त्य की उष्मा भी आ रही है। दोनों की संयुक्त उष्मा पृथिवी के दक्षिण में पड़ती है। हम जानते हैं कि सारे समुद्र दक्षिण में ही हैं। उन दोनों की उष्मा के कारण समुद्र से वाष्पीकरण होने लगता है। सूर्य जनवरी में उत्तरायण हो जाते हैं, परंतु अगस्त्य तारा मई तक रहता है, तब तक वाष्पीकरण की प्रक्रिया चलती रहती है। इसे ही अगस्त्य का समुद्र पीना कहा जाता है। यह एक पर्यावरणीय घटना है। जैसे ही अगस्त्य तारा अस्त होता है, वाष्पीकरण की प्रक्रिया समाप्त हो जाती है।

वराहमीहिर के सिद्धांत के अनुसार साढ़े छह महीने में मेघ गर्भधारण कर लेता है। इसलिए अगस्त्य के अस्त होते हैं मई के अंतिम सप्ताह से मानसून केरल से शुरू हो जाता है और जून के अंतिम सप्ताह में उत्तर भारत में आ जाता है। कालीदास के मेघदूत को अगर हम पढ़ें तो उसमें हमें मानसून का यह पूरा चक्र मिल जाएगा।

प्रकाश की गति के बारे में ऋग्वेद 1/50/9 में कहा गया है तरणिर्वश्वदर्शतो ज्योतिकृदसि सूर्य विश्वमाभासिरोचन। इसकी व्याख्या में सायणाचार्य ने लिखा है कि आधे निमिष में प्रकाश 2202 योजन यानी कि 186 हजार मील की दूरी तय करता है। आधुनिक गणना से भी यही गति प्राप्त होती है। यह बात संस्कृत के विद्वानों को तो पता है और वे इसे कहते भी हैं। इसको ही आगे बढ़ाते हुए ऋग्वेद 3/53/8 में कहा गया है त्रिर्यत् दिव: परिमुहुर्तम् आ अगात् स्वै:। अर्थात् एक मुहुर्त में सूर्य का प्रकाश तीन बार पृथिवी पर आ जाता है। एक मुहुर्त में 24.5 मिनट होते हैं। इस गणना से सूर्य का प्रकाश पृथिवी पर 8.17 मिनट में पहुंचता है। आधुनिक विज्ञान भी इसकी पुष्टि करता है। वह सूर्य के प्रकाश के पृथिवी तक पहुंचने का समय 8.19 मिनट बताता है। इससे हम सूर्य से पृथिवी की दूरी की भी गणना कर सकते थे। ऋग्वेद की इस गणना की बात कोई नहीं करता। सायण तो नौवीं शताब्दी में हुए हैं। ऋग्वेद तो काफी पुराना ग्रंथ है।

अपने शास्त्रों में पृथिवी को अग्निगर्भा यानी कि अग्नि के गर्भ से उत्पन्न कहा गया है। आधुनिक विज्ञान ने आज से साढ़े चार अरब वर्ष पहले की पृथिवी का जो चित्र बनाया है, उससे यह सही साबित होता है। आधुनिक विज्ञान कहता है कि उस समय पृथिवी एक हॉट बॉल यानी कि आग का गोला थी। धीरे-धीरे वह ठंडी हुई। महाभारत में भीष्म पृथिवी की गोलाई को बारह हजार कोस यानी कि चौबीस हजार मील बताते हैं। इसको किलोमीटर में बदलें तो यह अठतीस हजार छह सौ चौबीस कि.मी. आता है। आज का विज्ञान भी पृथिवी की परिधि को चालीस हजार कि.मी. ही मानता है। यह लगभग समान ही है। वैदिक ज्योतिष में पृथिवी का भार भी मापा गया है और 1600 शंख मन बताया गया है। इसे यदि हम किलोग्राम में बदलें तो आधुनिक गणना के अनुसार निकाले गए मान 6 गुणा 1024 के निकट ही आता है।

सौर मंडल को अगर हम देखें तो अपने यहाँ पुराणों में बहुत सारी कथाएं ऐसी मिलेंगी जो आपत्तिजनक प्रतीत होती हैं। जैसे कि एक कथा वृहस्पति की पत्नी और चंद्रमा के जार से बुध की उत्पत्ति होने की है। वास्तव में ऐसी कथाएं अंतरिक्ष जगत की हैं। यह कथा वृहस्पति के विभिन्न नक्षत्रों में भ्रमण करने और चंद्रमा के उसके घर में प्रवेश करने के ज्योतिषीय घटना की है। ऐसी कथाओं को बनाने का उद्देश्य इतना भर ही था कि यदि ज्योतिषीय ज्ञान कभी लुप्त भी हो तो इन्हें डिकोड करके उसे फिर से समझा जा सकेगा। इसी प्रकार आज हम देखते हैं कि शनि की काफी महिमा मानी जाती है। वास्तव में देखा जाए तो हमारे सौर मंडल में शनि का विशेष महत्व है भी। शनि और सूर्य के बीच में क्षुद्र ग्रहों की एक विशाल पट्टी है। इन्हें शनि अपनी ओर खींचता रहता है। यदि शनि इन्हें अपनी ओर नहीं खींचता तो ये सूर्य की खिंच जाते। ऐसे में क्षुद्र ग्रहों के पृथिवी से टकराने की काफी अधिक आशंका होती। लगभग प्रतिदिन कोई न कोई क्षुद्र ग्रह पृथिवी से टकराता रहता और फिर यहाँ जीवन संभव ही नहीं होता। इसलिए भी भारतीयों ने शनि को इतना महत्वपूर्ण माना।

सौर मंडल के अलग-अलग ग्रहों का परिक्रमा पथ अलग-अलग है और इस कारण उनके एक वर्ष का मान भी अलग-अलग हैं। जैसे वरूण यानी कि नेपच्यून ग्रह का एक वर्ष पृथिवी के 164 वर्ष का है। यानी यदि आप नेपच्यून पर एक वर्ष बिता कर लौटेंगे तो पृथिवी पर 164 वर्ष बीत चुके होंगे। इसको समझाने के लिए भी पुराणों में रेवती की एक कथा आती है। इस कथा में रेवती के विवाह के लिए चिंतित उसके पिता उसे लेकर ब्रह्मलोक चले जाते हैं। वहाँ वे ब्रह्मा से रेवती के लिए योग्य वर के बारे में पूछते हैं। ब्रह्मा कहते हैं कि शीघ्रता से वापस पृथिवी पर जाओ अन्यथा वहाँ वर नहीं मिल पाएगा। वे सतयुग में पृथिवी से गए थे और लौटे तो यहाँ द्वापर युग का अंत चल रहा था। फिर उन्होंने रेवती की शादी बलराम से की। इस प्रकार ब्रह्मांड में भिन्न-भिन्न संदर्भों में भिन्न-भिन्न वर्ष होते हैं।

आज हम यह जानते हैं कि चंद्रमा सूर्य के प्रकाश से ही प्रकाशित होता है। यह बात यजुर्वेद 18/40 का ऋषि भी कहता है। वहाँ कहा गया है – सूर्य रश्मि: चन्द्र्मसं प्रति दीप्यते। सूर्य की रश्मि से चंद्रमा प्रकाशमान है। भारतीय मासों के नाम चंद्रमा के अनुसार ही तय किए गए हैं। चंद्रमा जिस नक्षत्र में होता है, उसके नाम पर ही उस मास का नाम होता है। चित्रा नक्षत्र में चंद्रमा हो तो वह चैत्र मास कहलाता है, विशाखा में हो तो वैशाख, ज्येष्ठा में हो तो ज्येष्ठ कहलाएगा। इस प्रकार भारतीय कालगणना पूरी तरह विज्ञान पर आधारित है।

✍🏻साभार भारतीय धरोहर

गुरुवार, 26 अगस्त 2021

भारत का राजनीतिक एकीकरण

रत को दो क्षेत्रों में विभाजित किया गया था, एक सीधे ब्रिटिश शासन के तहत

स्वतंत्रता के समय 'भारत' के अन्तर्गत तीन तरह के क्षेत्र थे-

१९४७ में स्वतन्त्रता के तुरन्त बाद भारत की राजनीतिक स्थिति
१९०९ में 'ब्रितानी भारत' तथा देसी रियासतें

इन सभी क्षेत्रों को एक राजनैतिक इकाई के रूप में एकीकृत करना भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का घोषित लक्ष्य था। भारत सरकार ने समय के साथ इन लक्ष्यों को कमोबेश हासिल किया।

बुधवार, 18 अगस्त 2021

भारतीय ज्ञान का खजाना / २१

 भारतीय स्थापत्य शास्त्र - २ / :- प्रशांत पोळ


किसी भी वस्तु की वारंटी अथवा गारंटी का अनुमान, हम सामान्य लोग कितना लगा सकते हैं? एक वर्ष... दो वर्ष... पांच वर्ष या दस वर्ष..? आजकल ‘लाइफ टाइम वारंटी’ बीस वर्ष की आती हैं. हमारी सोच इससे अधिक नहीं जाती. है ना? परन्तु निर्माण अथवा स्थापत्य क्षेत्र के प्राचीन भारतीय इंजीनियरों द्वारा तैयार की गई ईंटों की गारंटी है – ५००० वर्ष..! जी हां... पांच हजार वर्ष. और यह ईंटें हैं मोहन जो-दारो और हडप्पा की खुदाई में मिली हुई प्राचीन भारतीय संस्कृति के अवशेषों में.


जिस समय भारत में १८५७ के, पहले स्वतंत्रता संग्राम की तैयारियां चल रही थीं, उस कालखंड में भारत के उत्तर-पश्चिम दिशा में (अर्थात वर्तमान पाकिस्तान में) अंग्रेज अपनी रेलवे लाईन बिछाने की दिशा में कार्यरत थे. लाहौर से मुल्तान तक की रेलवे लाईन बिछाने का काम ईस्ट इण्डिया कम्पनी की ओर से जारी था. इस काम के प्रमुख इंजीनियर थे ब्रुंटन बंधु. जॉन एवं विलियम ब्रुन्टन. इनके समक्ष एक बड़ी चुनौती यह थी कि रेलवे लाईन के नीचे बिछाने वाली गिट्टी कहां से लाएँ?


कुछ गांव वालों ने उन्हें बताया कि, ब्राम्हनाबाद के पास एक पुरातन शहर है, जो अब खंडहर अवस्था में है. वहां से कई मजबूत ईंटे आपको मिल सकती हैं.


दोनों अंग्रेज भाई रेलवे इंजीनियर थे. उन्होंने उन अवशेषों से ईंटें खोज निकालीं. उन्हें बड़ी संख्या में ईंटें मिलीं. लाहौर से कराची के बीच में बिछाई गई लगभग ९३ किलोमीटर की रेलवे लाईन इन्हीं ईंटों से बनाई गई है. इन दोनों अंग्रेज इंजीनियरों को पता ही नहीं चला कि वे अनायास ही एक प्राचीन एवं समृद्ध हडप्पा के अवशेषों को नष्ट करते जा रहे हैं.


आगे कई वर्षों तक इन ऐतिहासिक ईंटों ने लाहौर-मुल्तान रेलवे लाईन को सहारा दिया.


आधुनिक पद्धति की कार्बन डेटिंग से यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध हो चुका है कि मोहन जो-दारो, हडप्पा, लोथल इत्यादि स्थानों पर खुदाई में मिली प्राचीन संस्कृति लगभग साढ़े सात हजार वर्ष पुरानी होनी चाहिए. यदि इन ईंटों को थोड़ा नया भी माना जाए, तब भी ये कम से कम पांच हजार वर्ष पुरानी हैं. अर्थात लगभग ५००० वर्ष पुरानी ईंटें १८५७ में प्राप्त होती हैं, तब भी वे मजबूत होती हैं तथा अगले ८०-९० वर्षों तक रेलवे की पटरियों को संभालती भी हैं...!!


क्या ऐसी ईंटें आज बनाई जा सकती हैं?


हडप्पा से प्राप्त उपरोक्त ईंटें विशिष्टतापूर्ण हैं. इन्हें भट्टियों में तपाया गया है. साधारणतः १५ विभिन्न आकारों में यह ईंटें देखी जा सकती हैं. परन्तु इन सभी आकारों में एक समानता है – इन सभी ईंटों का अनुपात ४:२:१ ऐसा है. अर्थात चार भाग लम्बाई, २ भाग चौड़ाई तथा १ भाग ऊँचाई (मोटाई). इसी का अर्थ यह है कि इन ईंटों का निर्माण अत्यंत वैज्ञानिक पद्धति से किया गया होगा. फिर ऐसे में प्रश्न निर्माण होता है कि लगभग पांच हजार वर्ष पहले निर्माण कार्य से सम्बन्धित यह उन्नत ज्ञान भारतीयों के पास कहां से आया? या भारतीयों ने ही इसकी खोज की थी?


इसका उत्तर हमें अपने प्राचीन संस्कृत ग्रंथों में मिलता है. तंत्र शास्त्र के कुछ ग्रन्थ आज भी वाचिक परंपरा के कारण उपलब्ध है. इन्हीं में से कपिल वात्स्यायन का एक ग्रन्थ है “मयमतम कला-मुला शास्त्रं” नाम का. इस ग्रन्थ में निर्माण कार्यों के बारे में अनेक बातें स्पष्ट की गई हैं. इसमें एक श्लोक है –


‘चतुष्पश्चषडष्टाभिमत्रिस्तध्दिव्दिगुणायतः II

व्यासार्धार्धत्रिभागैकतीव्रा मध्ये परेsपरे I

इष्टका बहुशः शोष्याः समदग्धाः पुनश्च ताः II’


इसका अर्थ है – ‘इन ईटों की चौड़ाई चार, पांच, छः और आठ इन घटकों में रहेंगी, जबकि इनकी लम्बाई इसकी दोगुनी है. इनकी ऊंचाई (मोटाई) यह चौड़ाई से आधी अथवा एक तिहाई होनी चाहिए. इन ईंटों को पहले अच्छे से सुखाकर भट्टी में भून लेना चाहिए.’


यह श्लोक जिस ग्रन्थ में है, वह ग्रन्थ संभवतः सोलहवीं शताब्दी में लिखा गया है. अर्थात आज से लगभग डेढ़ हजार वर्ष पहले. जबकि हडप्पा की खुदाई में मिली ईंटें हैं पांच से सात हजार वर्ष पुरानी.


इसका अर्थ स्पष्ट है. निर्माणकला का अत्यंत उन्नत एवं प्रगत ज्ञान, ज्ञात इतिहास के समय से ही भारत में मौजूद था और इसका बड़े ही शास्त्रीय और वैज्ञानिक पद्धति से उपयोग भी किया जाता था.


चलिए, अब हम एक थोड़ा नवीन उदाहरण देखें. विजयनगरम साम्राज्य के उत्तर कालखंड में अर्थात सन १५८३ में निर्माण किया गया ‘लेपाक्षी मंदिर’. ऐसा कहा जाता है कि जब रावण सीता का हरण करके ले जा रहा था, तब उसके साथ जटायु का संघर्ष हुआ. तब जटायु ने यहीं पर अपने प्राण त्यागे. बंगलौर से लगभग डेढ़ सौ किमी दूरी पर स्थित, परन्तु आंध्रप्रदेश के अनंतपुर जिले में स्थापित यह लेपाक्षी मंदिर अनेक अर्थों में विशिष्टताओं से भरा हुआ है. विजयनगर साम्राज्य के वीरन्ना और विरुपन्ना नाम के दो भाईयों ने इस मंदिर का निर्माण किया है. ये दोनों विजयनगर साम्राज्य के वीर सरदार थे. कूर्मशैल पठार अर्थात कछुए की पीठ जैसी पहाड़ी पर बनाया गया यह मंदिर, श्री वीरभद्र का है. लगभग सवा पांच सौ वर्ष पुराना यह मंदिर एक अनोखे कारण के लिए प्रसिद्ध है. सत्तर स्तंभों पर आधारित इस मंदिर में एक स्तंभ है, जो हवा में झूल रहा है...!


ज़ाहिर है कि वह प्रकट रूप में ऐसा दिखाई नहीं देता. दूर से देखने पर वह जमीन से टिका हुआ ही प्रतीत होता है. परन्तु उस पत्थर के खम्भे के नीचे से एक पतला कपड़ा आर-पार निकल जाता है. जब इस खम्भे को ऊपर से देखा, तो उसे पकड़कर रखने वाली कोई भी रचना वहां दिखाई नहीं देती है.


स्थापत्य शास्त्र के दिग्गजों एवं वैज्ञानिकों के लिए यह एक गूढ़ रहस्य ही है. यह स्तंभ बिना किसी आधार के झूलता हुआ कैसे टिका है, यह कोई भी नहीं बता पा रहा. जब अंग्रेजों का शासन था, तब एक अंग्रेज इंजीनियर ने इस खम्भे के साथ कई हरकतें करके देखीं, परन्तु वह भी इस अदभुत रचना का रहस्य खोज नही पाया.


अर्थात आज से लगभग सवा पांच सौ वर्ष पहले भी भारत का स्थापत्य शास्त्र अत्यंत उन्नत स्वरूप में उपलब्ध था. ऐसे ही कई निर्माण हमें भारत में अनेक स्थानों पर दिखाई देते हैं. प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों का निर्माण कार्य तो शिवाजी के कालखंड में हुआ था. अंग्रेजों द्वारा जानबूझकर इन किलों की दुर्गति करने के बावजूद, आज भी ये किले बुलंद स्वरूप में खड़े हैं.


आगे चलकर अंग्रेज अपनी सिविल इंजीनियरिंग लेकर भारत आए और स्थापत्य एवं निर्माण शास्त्र से सम्बन्धित जो भी बचे-खुचे थोड़े भारतीय ग्रन्थ थे वे उपेक्षित हो कर रद्दी में चलते बने.


भारतीय शिल्पशास्त्र (अथवा स्थापत्य शास्त्र) के मुख्य रूप से अठारह संहिताकार माने जाते हैं. वे हैं - भृगु, अत्री, वसिष्ठ, विश्वकर्मा, मय, नारद, नग्नजीत, विशालाक्ष, पुरंदर, ब्रह्मा, कुमार, नंदिश, शौनक, गर्ग, वासुदेव, अनिरुद्ध, शुक्र एवं बृहस्पति. इन सभी के द्वारा शिल्पशास्त्र पर स्वतन्त्र संहिता लिखी गई. इनमें से आज की तारीख में मय, विश्वकर्मा, भृगु, नारद एवं कुमार, यह केवल पांच ही संहिताएं उपलब्ध हैं. यदि अन्य सभी प्रकार की संहिताएं मिल जाएँ, तो संभवतः लेपाक्षी मंदिर के झूलने वाले स्तंभ जैसे अनेक रहस्यों का खुलासा हो सकता है.


भारत में जिस समय उत्तर दिशा से मुसलमानों के आक्रमणों की तीव्रता बढ़ रही थी, उसी कालखंड में, अर्थात ग्यारहवीं शताब्दी में, मालवा के राजा भोज ने ‘समरांगण सूत्रधार’ नामक ग्रन्थ संकलित किया था. इस ग्रन्थ में ८३ अध्याय हैं. इसमें स्थापत्य कला एवं निर्माण शास्त्र से लेकर यंत्रों के विज्ञान तक, अनेक बातों का विस्तृत विवरण दिया गया है. यहां तक कि हाइड्रोलिक टर्बाइन चलाने की विधि का भी इसमें उल्लेख किया गया है –


‘धारा च जलभारश्च पायसो भ्रमणम तथा I

यथोच्छ्रायो यथाधिक्यम यथा निरन्ध्रतापिच I

एवमादिनी भूजस्य जलजानी प्रचक्षते II’

- अध्याय ३१


अर्थात ‘जलधारा किसी भी वस्तु को घुमा सकती है. यदि जलधारा को ऊँचाई से गिराया जाए, तो उसका प्रभाव अधिक तीव्र होता है, तथा इसकी गति एवं वस्तु के भार के अनुपात में वह वस्तु घूमती है.’


‘समरांगण सूत्रधार’ ग्रन्थ पर यूरोप में काफी काम किया गया है. परन्तु हमारे देश में इस बारे में उदासीनता ही दिखाई देती है. लगभग अस्सी वर्ष आयु के डॉक्टर प्रभाकर पांडुरंग आपटे ने इस ग्रन्थ का अंग्रेजी अनुवाद किया, तब कहीं जाकर पश्चिमी देशों की नजरे इस ग्रन्थ की पर पड़ी.


कहने का तात्पर्य यह है कि स्थापत्य शास्त्र का यह प्रचंड ज्ञान आज रद्दी में पड़ा है. उसे बाहर लाना आवश्यक है. मंदिरों के स्थापत्य शास्त्र एवं मूर्तिकला जैसे विषयों पर हमारे पास रिस-रिसकर आने वाला साहित्य बड़े पैमाने पर उपलब्ध है. शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे के गुरु, प्रख्यात इतिहासविद ग. ह. खरे द्वारा लिखित ‘भारतीय मूर्तिविज्ञान’ नामक एक अदभुत पुस्तक है. परन्तु वर्तमान में इन विषयों पर बहुत सा काम किया जाना आवश्यक है.


संक्षेप में बात यह है कि हजारों वर्ष पहले हमारे पूर्वजों द्वारा ग्रंथों में लिखे गए ज्ञान के द्वार खोजना एवं उन्हें सर्व साधारण के लिए खोलना, यही हमारा प्रयास होना चाहिए.

-✍🏻 प्रशांत पोळ


मूषाओं के मकान - आश्‍चर्य का हेतु

श्री कृष्ण जुगनू

दस साल पहले जब मैं 'समरांगण सूत्रधार' ग्रंथ पर काम कर रहा था तो उसमें भवन में मूषाओं के प्रयोग के संबंध में कई निर्देश थे और मैं 'मक्षिका स्‍थाने मक्षिकाम्' की तरह की मूल शब्‍द का ही प्रयोग करके एक बार तो आगे से आगे अर्थ करता चला गया। बाद में जो अर्थ होना चाहिए था, वह पुनर्स्‍थापित किया किंतु उदयपुर जिले के जावर में तो मूषाअों [Retorts] के प्रयोग को देखकर फिर कोई नया अर्थ सामने आ गया। जरूर भोजराज के समय, 10वीं सदी तक जावर जैसा प्रयोग लुप्‍त हो गया होगा।  

जावर दुनिया में सबसे पहले यशद देने वाली खदान के लिए ख्‍यात रहा है। यशद या जिंक का प्रयोग होने से पहले इस धातु को जिन लोगों ने खोजा और वाष्‍पीकृत हाेने से पहले ही धातुरूप में प्राप्‍त करने की विधि को खोजा- वे भारतीय थे और मेवाड़ के जाये जन्‍मे थे। सामान्‍य घरों में रहने वाले और जिस किसी तरह गुजारा करने वाले। जावर की खदान सबसे पहले चांदी के लिए जानी गई और ये पहाड़ाें में होने से इनको 'गिरिकूप' के रूप में शास्‍त्र में जाना गया। पर्वतीय खानों में उत्‍खनन के लिए पहले ऊपर से ही खोदते-खोदते ही भीतर उतरा जाता था। शायद इसी कारण यह नाम हुआ हो। यहां 'मंगरियो कूड़ो' या डूंगरियो खाड़ कहा भी जाता है।

तो, करीब ढाई हजार साल पहले यहां धातुओं के लिए खुदाई ही नहीं शुरू हुई बल्कि अयस्‍कों को निकालकर वहीं पर प्रदावण का कार्य भी आरंभ हुआ। जरूर यह समय मौर्यपूर्व रहा होगा तभी तो चाणक्‍य ने पर्वतीय खदानों की पहचान करने की विधि लिखी है और आबू देखने पहुंचे मेगास्‍थनीज ने भी ऐसी जगहों को पहचान कर लिखा था।

यहां प्रदावण का कार्य इतने विशाल स्‍तर पर हुआ कि यदि कोई जावर देख ले तो अांखें पलक झपकना भूल जाए। हर कदम पर रोमांच लगता है। कदम-दर-कदम मूषाओं का भंडार और उनमें भरा हुआ अयस्‍क चूर्ण जो जब पिघला होगा तो धातु की बूंद बनकर टपका होगा। धातु तत्‍काल हथिया लिया गया मगर मूषाओं का क्‍या करते ? एक मूषा एक ही बार काम में आती है। इसी कारण बड़े पैमाने पर यहां मूषाओं का निर्माण भी हुआ और उनका प्रदावण कार्य में उपयोग भी। प्राचीन भारतीय प्रौद्योगिकी का जीवंत साक्ष्‍य है जावर, जहां कितनी तरह की  मूषाएं बनीं, यह तो उनका स्‍वरूप देखकर ही बताया जा सकता है मगर 'रस रत्‍न समुच्‍चय' आदि ग्रंथों में एक दर्जन प्रकार की मूषाएं बनाने और औषधि तैयार करने के जिक्र मिलते हैं। इनके लिए मिट्टी, धातु, पशुरोम आ‍दि जमा करने की अपनी न्‍यारी और निराली विधियां हैं मगर, रोचक बात ये कि अयस्‍क का चूर्ण भरकर उनका मुख कुछ इस तरह के छिद्रित ढक्‍कन से बंद किया जाता था कि तपकर द्रव सीधे आग में न गिरे अपितु संग्रहपात्र में जमा होता जाए।

प्रदावण के बाद बची, अनुपयोगी मूषाओं का क्‍या उपयोग होता ? तब यूज़ एंड थ्रो की बजाय, यूज़ आफ्टर यूज़ का मन बना और मूषाओं का उपयोग कामगारों ने अपने लिए आवास तैयार करने में किया। कार्यस्‍थल पर ही आवास बनाने के लिए मूषाओं से बेहतर कोई वस्‍तु नहीं हो सकती थी। जिस मिट्टी से मूषाओं को बनाया जा रहा था, उसी मिट्टी के लौंदों से मूषाओं की दीवारें खड़ीकर चौकोर और वर्गाकार घर बना दिए गए। ये घर भी कोई एक मंजिल वाले नहीं बल्कि दो-तीन मंजिल वाले रहे होंगे। है न रोचक भवन विधान। 

ये बात भी रोचक है कि हवा के भर जाने के कारण वे समताप वाले भवन रहे होंगे। अंधड़ के चलने पर और बारिश के होने पर उन घरों की सुरक्षा का क्‍या होता होगा, मालूम नहीं। उनमे रहने का अनुभव कैसा रहा होगा, हममें से शायद ही किसी को ऐसे हवादार घर में रहने का अनुभव हो।

मगर, जावर की पहाडि़यां ऐसे मूषामय घरों की धनी रही हैं। आज केवल उनके अवशेष नजर आते हैं। कोई देखना चाहे तो जावर उनको बुला रहा है। 

अनुज श्रीनटवर चौहान को धन्यवाद कि वह इस नवरा‍त्र में मुझे जावर ले गया और मैं पूरे दिन इन मूषाओं के स्‍वरूप और मूषाओं के मकानों को देख देखकर हक्‍का-बक्‍का रहा। हम सबके लिए अनेक आश्‍चर्य हो सकते हैं, मगर मेरे लिए जावर भी एक बड़ा आश्‍चर्य है जहां आंखें जो देखती है, जबान उसका जवाब नही दे सकती। हां, कुछ वर्णन जरूर मैंने अपनी 'मेवाड़ का प्रारंभिक इतिहास' में किया है।

-✍🏻 डॉ. श्रीकृष्‍ण 'जुगनू'

मंगलवार, 17 अगस्त 2021

कायस्थ जाति पर माननीय न्यायालयों के निर्णय

 बनारस के राजा के आग्रह पर पूना, बंगाल, काशी, अवध, मथुरा, जम्मू-कश्मीर एवं बम्बई के विद्वान पंडितों ने यह व्यवस्था दी थी कि कायस्थ जाति क्षत्रिय वर्ण के अन्तर्गत आती है। उसी प्रकार विभिन्न न्यायलयों के निर्णयों में भी कायस्थों को क्षत्रिय माना गया है।


यद्यपि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 1884 ई0 के राजकुमार लाल बनाम विश्वेश्वर दयाल के वाद के न्याय निर्णय में कायस्थों को शूद्र मान लिया था। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने श्यामा चरण सरकार की लिखी पुस्तक ‘व्यवस्था दर्पण’ के आधार पर कायस्थों को शूद्र माना था। किन्तु श्यामाचरण सरकार की पुस्तक ‘व्यवस्था दर्पण’ में यह भी लिखा हुआ है कि कायस्थ क्षत्रिय थे किन्तु, बंगाल में बसने से वे शूद्र हो गये। क्योंकि वे अपने नाम के बाद ‘दास’ उपनाम जोड़ने लगे और उन्होने उपनयन संस्कारादि छोड़ दिया। किन्तु धर्मशास्त्र के प्रायश्चित खण्ड में यह भी स्पष्ट लिखा हुआ है कि आचार-व्यवहार छोड़ देने पर ‘द्विज’ नीच हो सकते हैं किन्तु किसी भी हालत में शूद्र नहीं हो जाते। प्रायश्चित करके वे पुनः पवित्र हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि, कलकत्ता उच्च न्यायालय के उपरोक्क्त निर्णय को ‘प्रिवी कौंसिल’ ने नही माना और कायस्थो को क्षत्रिय घोषित किया। विश्व विद्वान रोमां रोलां ने भी अपनी रचना ‘द लाइफ ऑफ विवेकानंद एंड द यूनिवर्सल गोस्पेल’ में स्वामी विवेकानंद के संबंध में लिखा है जो पूर्व में नरेन्द्रनाथ दत्त कहलाते थे और जाति से कायस्थ थे। उन्होने पुस्तक के फुटनोट में विवेकानंद को क्षत्रिय मानते हुए लिखा है, “He belonged to the Kayastha Class, a sub caste of warriors.”-Page-6, The Life of Vivekanand and the Universal Gospel, 1947 edition. “


Notwithstanding the ruling of a Division Vench of Calcutta High Court, I entertain Considerable doubts as to the soundness of the view which seems adopted by the courts that the literary Caste of Kayasthas in the parts of the Country to which the parties belong falls under the Category of “Sudras”.


(I.L.R. – Page 324-328)


इतना ही नहीं पटना उच्च न्यायालय ने भी कायस्थों को क्षत्रिय वर्ण माना है। माननीय न्यायाधीश सर ज्वाला प्रसाद ने १९२७ ई0 के ईश्वरी प्रसाद बनाम राय हरि प्रसाद के वाद में ८४ पृष्ठो का अपना निर्णय देते हुए कायस्थों को क्षत्रिय वर्ण का घोषित किया है। उन्होने अपने निर्णय में लिखा है कि:-

“The reason given by Shyama Charan Sarkar in this “Vayavastha Darpan” can not cause degradation of the Kayasthas to Sudradom and in any case the Behari Kayasthas are not Sudras and I respectfully differ from the view given in the cause of Raj Kumar Lal Vrs. Bisheshwar.


(I.L.R. VI, Patna No. 145)


भले ही कायस्थों को पुराणों के आधार पर पंडितों द्वारा या न्यायालय के निर्णयों के आधार पर क्षत्रिय अथवा शूद्र कहा जाए लेकिन पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर वे वास्तव में ब्राह्मण वर्ण के अन्तर्गत ही है, जैसा कि इस पुस्तक के एक अध्याय में एतद्सम्बंधी विवेचना की गई है।


कायस्थों की उत्पतित और हिन्दू समाज में उनके स्थान के विषय में 1884 र्इ0 में अपना निर्णय देते हुए कलकत्ता के उच्च न्यायालय ने उन्हें शूद्र वर्ग में देखा। इससे क्षुब्द होकर उत्तर प्रदेश के कायस्थों ने इलाहाबाद हार्इ कोर्ट में यह तर्क दिया कि उत्तर प्रदेश और बिहार के कायस्थों की उत्पतित भिन्न है। सन 1889 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के कायस्थों को क्षत्रिय मानते हुए अपना फैसला सुनाया। 23 फरवरी 1926 को पटना  ने उस समय तक के निर्णयों की समीक्षा करते हुए और हिन्दू ग्रन्थों के आधार पर उन्हें क्षत्रिय घोषित किया।


1975 में इलाहाबाद से प्रकाशित एक पुसितका में उन्हें ब्राह्राण वर्ण का सिद्व किया गया। किन्तु ब्राह्राण उन्हें पाचवें वर्ण का मानते हैं और उनकी उत्पतित प्रतिलोम विवाह से उत्पन्न बताते हैं। इसका खण्डन करते हुए पटना हार्इ कोर्ट ने कहा कि मनुस्मृति ने अध्याय 10 श्लोक 4 में मानव जाति को मात्र चार वर्णों में बांटा है। अत: कायस्थों का स्थान उन्हीं चार वर्णों में निशिचत करना पड़ेगा।

उस निर्णय में ‘यम संहिता’ के उल्लेख से यह कहा गया कि धर्मराज द्वारा अपने कठिनाइयों की शिकायत करने पर ब्रह्रा ने अपनी काया से चित्रगुप्त को उपन्न किया और उन्हें ‘कायस्थ कहा और उनसे बारह सन्तानें हुई जिनसे बारह उप जातियों के कायस्थ हुये। ‘पद्म पुराण’ उत्तर खण्ड में उन बारह पुत्रों का विवाह नाग कन्याओं से होना बताया गया है। विभिन्न स्मृतियों के आधार पर यह भी कहा गया कि कायस्थ का काम लेखक और गणक का था और उसकी अपनी लिपि थी, जिसे कैथी कहते हैं।


पटना हाईकोर्ट ने निर्णय दिया कि कायस्थ क्षत्रिय हैं


 ‘वृहदारण्यक उपनिषद’ में जो स्मृतियों और पुराणों से पुराना है, याज्ञवल्क्य ने प्रथम अध्याय के 11 वें मंत्र में कहा है कि सृषिट के आरम्भ में ब्रह्रा अकेला था। उसने पहिले ‘क्षत्र’ उत्पन्न किया। जब उससे काम न चला तो वैश्य उत्पन्न किया और जब उन दोनों से काम न चला तो शूद्र उत्पन्न किया। इस मंत्र में ब्रह्रा अलग अलग अंगों से अलग-अलग वर्णों के उत्पन्न होने की बात नहीं दुहराई गई है और न ‘काया’ से कायस्थ के चित्रगुप्त के उत्पन्न होने की बात कही गयी है।


धर्म ग्रन्थों की यह अलग-अलग व्याख्यायें मात्र चिन्तन का परिणाम है, किसी इतिहास या प्रमाण पर आधारित नहीं हैं। स्मृतियों और पुराणों की रचना पांचवीं से आठवीं शताब्दी ईसवी में हुई। वे ब्रह्रा द्वारा वर्णों की उत्पतित के बारे में कैसे कुछ कह सकती हैं?


अत: आज के वैज्ञानिक युग में हमें उन ग्रंथों की कल्पना की मूल व्याख्या से अलग हट कर विचार करना होगा। यदि कायस्थ पटना हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार अपने को क्षत्रिय मानते रहे तो उसका तार्किक परिणाम यह होगा कि वे ब्राह्राण से नीचे हैं जिन्हें क्षत्रिय भी क्षत्रिय नहीं मानते। अत: वे दूसरे दर्जे के क्षत्रिय हुये। आज हम यह मानते हैं कि सभी मनुष्य बराबर हैं। वैदिक युग में ब्राह्राण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र आदि वर्ण नहीं थे। सभी व्यकित अपने को आर्य कहते थे। उपनिषदों में यह कहा गया है कि सभी जड़ व चेतन वस्तुओं में ईश्वर का निवास है। अत: सब को अपना-सा ही समझो। फिर ब्राह्राण, क्षत्रिय और कायस्थ में भेद कैसा ?


कायस्थों की उत्पतित के बारे में स्मृतियों और पुराणों की यह बात सही है कि वे प्रथम लेखक और गणक रहे हैं उन्हें धर्मशास्त्रों का ज्ञान था। इस व्याख्या के अनुसार वे ब्राह्राण थे, क्योंकि क्षत्रियों को भी लिखने और गणना करने के कार्य से कुछ लेना देना नहीं था और वैश्यों तथा शूद्रों को धर्मशास्त्रों से दूर रखा गया था। इतिहास तथा स्मृतियों और पुराणों की विषय वस्तु के अनुसार उनकी रचना ईसा की पाचवीं से आठवीं शताब्दी के बीच हुई। इससे भी कायस्थों की उत्पतित ईसा की पाचवीं से आठवीं शताब्दी के बीच होना ही प्रमाणित होता है न कि ब्रह्रा से। पर यह सम्भव है कि प्रथम कायस्थ का नाम चित्रगुप्त रहा हो। सम्भवत: वे गुप्त राजाओं से सम्बनिधत और उनके विश्वस्त मंत्री या प्रधान लेखाकार या न्यायकर्ता रहे। इस बात को आज का इतिहास स्वीकार करता है।

इस सम्बन्ध में दिल्ली विश्वविधालय के प्रोफेसर डी0 एन0 झा और कृष्ण मोहन श्रीमाली ने अपनी पुस्तक प्राचीन भारत का इतिहास में लिखा है :-


‘एक जाति के रुप में कायस्थों का आविर्भाव एक महत्वपूर्ण सामाजिक घटना है। कायस्थों का सर्वप्रथम उल्लेख याज्ञवल्क्य स्मृति में है। इसमें कहा गया है कि राजा को चाहिए कि शोषित प्रजा की विशेषकर कायस्थों से रक्षा करें। अधिक संभावना यही है कि गणक और लेखक के रुप में कायस्थ भूमि और राजस्व सम्बन्धी अभिलेख रखते थे और पद का अनुचित लाभ ठाकुर प्रजा पर अत्याचार करते थे। कालांतर में भूमि तथा राजस्व सम्बन्धी कार्यों में वृद्वि हुर्इ। मंदिरों और ब्राह्राणों को भूमि दान में दी जाती थी। भूमि के क्रय विक्रय के भी उल्लेख मिलते हैं। भूमि सीमा निर्धारण सम्बन्धी दस्तावेज रखने पड़ते थे। कौन सी भूमि कर मुक्त है, किससे कौन से कर लिये जाने हैं, किस वर्ग से विषिट लेनी है, इन सभी कार्यों का हिसाब किताब व दस्तावेज कायस्थों को ही रखना पड़ता था। फलत: कायस्थों की संख्या में वृद्वि हुर्इ। न्यायाधिकरण में न्याय-निर्णय लिखने का कार्य ‘करणिक’ करते थे। वे लेखक, गणक या दस्तावेज रखने वाले अनेक नामों से पुकारे जाते थे। जैसे कायस्थ, कारणिक, पुस्तपाल, अलक्ष, पाटलिक, दीविर, लेखक आदि। कालांतर में वे सभी कायस्थ वर्ग मे समाविष्ट हो गये।’


आगे  कहा गया है कि कायस्थों में विभिन्न वर्णों के लोग थे। वे राजा को विभिन्न कर लगाने की सलाह देते थे। धर्मशास्त्रों ने इस पर आक्षेप किया और ब्राह्राण वर्ग कायस्थों का विरोधी हो गया। कुछ ने उनको शूद्र कहा। किन्तु उनके सत्ता में रहने के कारण अनेक धर्मशास्त्रों को यह व्यवस्था देनी पड़ी कि वे क्षत्रिय हैं।


आज का कायस्थ अपने को क्षत्रिय कहलाने के लोभ में उन्हीं ब्राह्राणों को अपने से श्रेष्ठ मानने लगा है, वर्ण व्यवस्था में अपना स्थान ढूढने लगा है और स्मृतियों तथा पुराणों को मान्यता देने लगा है। वह ब्रात्य क्षत्रिय माने जाने से भी संतुष्ट हैं जैसा पटना हाईकोर्ट  के उपरोक्त निर्णय में कहा गया है।


एक बात और श्री चित्रगुप्त भगवान का विवाह एक ब्राह्मण कन्या और एक क्षत्रिय कन्या के साथ हुआ था यदि वे इन दोनों से नीचे थे तो उनकी संताने विलोमज कहलाती परंतु कहीं भी किसी ग्रंथ में इस प्रकार का उल्लेख नहीं आया है

केवल क्षणिक और राजनीतिक लाभ लेने के लिए हमारे पूर्वजों ने जो इतनी तपस्या की उन सब को मिटा कर आरक्षण नामक भिक्षा का कटोरा अपने हाथ में ले लेना कहां की बुद्धिमता है भगवान श्री कृष्ण किस वंश के थे उस यदुवंश का एक समय पूरे आर्यावर्त पर शासन होता था परंतु वह गौरव में ही समाज आज आरक्षण नामक दीमक के चलते ही गर्त में जा रहा है और यदि कायस्थ समय रहते चेते नहीं तो उनकी भी यही दशा होगी जिस भारतवर्ष में कायस्थों का इतना स्वर्णिम इतिहास रहा है पुरातन काल से ही सदैव उच्च पदों पर रहने वाले पूरे भारतवर्ष पर एक समय में एक छत्र राज्य करने वाले और भारतवर्ष के आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा सिर कटाने वाले चाहे साहित्य हो या फिर कला अथवा विज्ञान या फिर अध्यात्म वर्ग जितने भी उपलब्धियां हैं उनमें यदि सर्वश्रेष्ठ का नाम आएगा तो उस सूची में कायस्थों का नाम सबसे ऊपर होगा सूचना आप सभी को है अपने गौरवमयी इतिहास व अपनी विलक्षण क्षमता को दबाते हुए आरक्षण की धारा में बहना है अथवा उसके विपरीत क्योंकि हमारे पूर्वजों को अपनी वंशावली का भान था अतः उन्होंने संघर्ष किया और हमें हमारा सम्मान दिलाया नहीं तो समाज के ठेकेदार और राजनीतिक व्यवसाई हमको कब का शूद्र अथवा ओबीसी बना चुके होते मेरा हमारे प्रबुद्ध समाज से निवेदन है कृपया इस फैसले के विरुद्ध आवाज उठाएं जय चित्रांश जय श्री चित्रगुप्त भगवान

सोमवार, 16 अगस्त 2021

चमत्कार

 *ऐसा चमत्कार हिंदी में ही हो सकता है …*


चार मिले चौंसठ खिले, 

बीस रहे कर जोड़!

प्रेमी सज्जन दो मिले, 

खिल गए सात करोड़!!


मुझसे एक बुजुर्गवार ने इस कहावत का अर्थ पूछा.... 

काफी सोच-विचार के बाद भी जब मैं बता नहीं पाया, 

तो मैंने कहा – 

"बाबा आप ही बताइए, 

मेरी समझ में तो कुछ नहीं आ रहा !"


तब एक रहस्यमयी मुस्कान के साथ बाबा समझाने लगे – 

"देखो बेटे, यह बड़े रहस्य की बात है... 

चार मिले – मतलब जब भी कोई मिलता है, 

तो सबसे पहले आपस में दोनों की आंखें मिलती हैं, 

इसलिए कहा, चार मिले.. 

फिर कहा, चौसठ खिले – यानि दोनों के बत्तीस-बत्तीस दांत – कुल मिलाकर चौंसठ हो गए, 

इस तरह “चार मिले, चौंसठ खिले” 

हुआ!"


“बीस रहे कर जोड़” – दोनों हाथों की दस उंगलियां – दोनों व्यक्तियों की 20 हुईं – बीसों मिलकर ही एक-दूसरे को प्रणाम की मुद्रा में हाथ बरबस उठ ही जाते हैं!"


“प्रेमी सज्जन दो मिले” – जब दो आत्मीय जन मिलें – यह बड़े रहस्य की बात है – क्योंकि मिलने वालों में आत्मीयता नहीं हुई तो 

“न बीस रहे कर जोड़” होगा और न "चौंसठ खिलेंगे”


उन्होंने आगे कहा, 

"वैसे तो शरीर में रोम की गिनती करना असम्भव है, 

लेकिन मोटा-मोटा साढ़े तीन करोड़ बताते हैं, बताने वाले ! 

तो कवि के अंतिम रहस्य – “प्रेमी सज्जन दो मिले – खिल गए सात करोड़!” 

का अर्थ हुआ कि जब कोई आत्मीय हमसे मिलता है, 

तो रोम-रोम खिलना स्वाभाविक ही है भाई – जैसे ही कोई ऐसा मिलता है, 

तो कवि ने अंतिम पंक्ति में पूरा रस निचोड़ दिया – “खिल गए सात करोड़” यानि हमारा रोम-रोम खिल जाता है!"


भई वाह, आनंद आ गया। 

हमारी कहावतों में कितना सार छुपा है। 

एक-एक शब्द चासनी में डूबा हुआ, 

हृदय को भावविभोर करता हुआ! 

*इन्हीं कहावतों के जरिए हमारे बुजुर्ग, जिनको हम कम पढ़ा-लिखा समझते थे, हमारे अंदर गाहे-बगाहे संस्कार का बीज बोते रहते थे।*


🙏🌹🙏🌹🙏